विद्यालयों में पेयजल, गैस सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के अधिकारियों को निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पीएम पोषण शक्ति योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विकासखंड एकेश्वर के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य ने की।

बैठक में योजना के संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पीएम पोषण शक्ति योजना का लाभ विद्यार्थियों तक सुचारु रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा। बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी ने दूरभाष के माध्यम से जल संस्थान के अधिकारियों को उन विद्यालयों में शीघ्र पेयजल संयोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जहां अभी तक जल संयोजन नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। खंड शिक्षा अधिकारी गुंजन अमरोही ने कहा कि विद्यालयों में गैस, पानी अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारी को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जा सके। उन्होंने योजना के बेहतर संचालन के लिए सभी संबंधित कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। बैठक में उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, खंड शिक्षा अधिकारी गुंजन अमरोही, प्रभारी मध्यान्ह भोजन योजना यतेंद्र मोहन धस्माना, डॉ. शिवम चौधरी, खाद्य पूर्ति निरीक्षक दिग्विजय राणा, राखी संतोष, महेंद्र रौतेला, लक्ष्मी थपलियाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।