लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण करें

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में डीएम ने राजस्व वसूली, सीएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों, नजूल भूमि के प्रकरणों, तहसील स्तर पर लंबित राजस्व वादों के निस्तारण, गौरा शक्ति पोर्टल पर महिलाओं के पंजीकरण आदि की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित एसडीएम को राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। डीएम ने नगर पंचायत दुगड्डा में एसटीपी के लिए भूमि का प्रकरण एक वर्ष से लंबित होने पर राजस्व विभाग के अधिकारी को फटकार लगाई।
गुरुवार को बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजस्व वसूली को लेकर अमीनो को मिशन मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए। डीएम ने लैंसडौन, पौखाल, कण्डी में पूर्ति विभाग के खाद्यान गोदाम के लिए भूमि चयन व स्थानान्तरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। वहीं, डीएम ने नजूल भूमि की फाइलों में लेटलतीफी पर नगर निगम सहित नगर पालिकाओं, पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने अफसरो को साफ निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों से निकलने वाला मलबा निर्धारित डंपिंग जोन में ही डाला जाए। बैठक में एडीएम इला गिरी, एसडीएम आकाश जोशी, प्रमोद कुमार, सीओ पुलिस प्रेमलाल टम्टा, डीएसओ कुशाल सिंह कोली आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *