दिवाली से पहले दिल्ली की हवा हुई जहरीली, कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 450 के पार

-पिछले 288 दिनों में सबसे खराब स्थिति, औसत सूचकांक 370 पर पहुंचा; प्रदूषण रोकने के लिए दूसरे चरण की पाबंदियां लागू, पांच जिलों के अधिकारियों को नोटिस
नई दिल्ली , दीपावली से ठीक पहले दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण ने गंभीर रूप ले लिया है। राजधानी की हवा जहरीली हो गई है और कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह दिल्ली के कई क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। पूरी राजधानी धुंध की मोटी चादर में ढकी नजर आई। इस बीच प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण की चरणबद्ध कार्ययोजना (ग्रैप) के दूसरे चरण की पाबंदियां भी लागू हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 370 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। जहांगीरपुरी में यह स्तर 459, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली में 447 और पंजाबी बाग में 446 दर्ज किया गया। ये सभी क्षेत्र गंभीर श्रेणी में पहुंच गए हैं। वहीं, इंडिया गेट और ओखला के दूसरे चरण के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक 399 दर्ज किया गया। प्रदूषण के कारण इंडिया गेट भी धुंध में पूरी तरह ओझल नजर आया।
बुधवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 377 रहा, जो पिछले 288 दिनों में सबसे अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर हल्की धूप के साथ धुंध छाए रहने की संभावना है। आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली की हवा बिगड़ने के प्रमुख कारणों में पड़ोसी राज्यों में धान की पराली जलाने की घटनाएं भी शामिल हैं। इस पर रोक लगाने में लापरवाही बरतने के आरोप में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने पंजाब के पांच जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इनमें जालंधर, फरीदकोट, बठिंडा, बरनाला और फाजिल्का के उपायुक्त तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शामिल हैं। आयोग ने पराली जलाने की घटनाओं को रोकने में नाकाम रहने पर अधिकारियों से जवाब मांगा है और उन्हें इस दिशा में सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मौजूदा स्थिति को स्वास्थ्य आपातकाल जैसी गंभीर परिस्थिति बताया है। उन्होंने लोगों को सुबह और शाम के समय टहलने, दौड़ने तथा अन्य बाहरी शारीरिक गतिविधियों से बचने की सलाह दी है। घर से बाहर निकलने पर एन-95 मास्क का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को घरों के भीतर भी प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाने और आवश्यकता पड़ने पर वायु शोधक यंत्र का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *