पिथौरागढ़ में एक साथ मनाई गयी दीवाली व दशहरा

Spread the love

पिथौरागढ़। अयोध्या में श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर यहां पूरे जनपद में भक्ति में लोग डूबे नजर आए। एक साथ श्रीराम भगवान के अयोध्या में विराजमान होने से उत्साहित लोगों ने एक साथ दशहरा व दीवाली मनाई। इस दौरान घरों में श्री राम दीपक जलाए गये व आतिशबाजी की गई। नगर सहित सीमांत में उत्सव का माहौल रहा। रामलीला मैदान, घंटाकरण मंदिर, हनुमान मंदिर, पाण्डेयगांव स्थित रामसीता मंदिर में दिन भर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। नगर में युवाओं ने जगह-जगह जाकर भजनों का गायन किया और भगवान राम की अराधना की। सोमवार को अयोध्या में श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चारों ओर भक्तिमय माहौल है। लोगों ने मंदिरों, घरों में भजन कीर्तन का आयोजन किया। जगह-जगह श्रीरामचरित मानस पाठ व सुंदरकांड का गायन हुआ। लोग दिनभर टीवी व मोबाइल से चिपके रहे। नगर में हजारों लोग सोशल मीडिया के माध्यम से श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम देखकर काफी खुश दिखे। नगर के रामलीला मैदान में सुबह हवन कार्यक्रम हुआ। जिसमें पूर्णाहुति बाद गायकों व श्रद्घालुओं ने भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी। नगर पालिका की ओर से शाम को दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें 5001 दिए जलाए गए। घण्टाकरण स्थित घण्टेश्वर महादेव मंदिर सुंदर काण्ड हुआ। इसमें सैकडों श्रद्घालुओं ने सुंदरकांड का पाठ किया। पाठ के बाद भंडारे में सैकडों श्रद्घालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पाण्डेयगांव स्थित रामसीता मंदिर में भी भगवान राम,हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *