डीएम ने किया तहसील कार्यालय पौड़ी का निरीक्षण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मंगलवार देर सांय तहसील कार्यालय पौड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संग्रह अनुभाग में अमीनों से अब तक की गई वसूली, कार्यरत अमीनों की संख्या, स्टे ऑर्डर की जानकारी लेने के साथ ही अमीनों का कार गुजारी पंजिका एवं अन्य पत्रावलियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया कि लम्बित वसूली के मामलों में समय देते हुए वसूली नोटिस जारी करें। संबंधित अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि इस वर्ष 60 प्रतिशत वसूली की गई है।
जिलाधिकारी ने आबकारी में कम वसूली पर भी जानकारी ली, इस पर संबंधित द्वारा अवगत कराया कि इस वर्ष माह अगस्त से वसूली शुरू होने के कारण कम प्रगति है। उन्होंने तहसीलदार को समीक्षा बैठक नियमित रूप से करने के निर्देश दिये। इस दौरान जिलाधिकारी ने नजारत कक्ष, भूलेख अनुभाग, स्टोर रूम में अभिलेख पंजिका, बस्ता सूची, खतौनी आदि का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों में समानता रखने के निर्देश दिये। इस मौके पर उपजिलाधिकारी एसएस राणा, तहसीलदार एचएन खण्डूड़ी सहित तहसील कार्यालय के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *