नई टिहरी। कांवड़ मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं चाकचौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे ने अधिकारियों को आगामी 30 जुलाई से 10 अगस्त तक चलने वाले कांवड़ यात्रा की व्यवस्था संभालने के लिए अधिकारियों को आपस में समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा।
कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि कांवड़ मेले में प्रतिवर्ष बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करें। चंद्रभागा और खारास्रोत पार्किंग स्थलों पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, प्रकाश आदि सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएं। एसडीएम को विद्युत विभाग, मुनिकीरेती, तपोवन कांवड़ क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। सभी घाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से चेन लगाने, पहले से लगे सुरक्षा उपकरणों की जांच करने और नीर वाटर फॉल को बंद करने को कहा गया है। कांवड़ मेले के दौरान सभी होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों का नियमित निरीक्षण करने, रेट लिस्ट चस्पा कराने और सफाई चाक-चौबंध रखने के निर्देश दिए। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
पुलिस अधिकारी संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त, सीसीटीवी निगरानी और भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करें।