रुद्रप्रयाग। दैवीय आपदा में किए जा रहे निर्माण कार्यो में किसी तरह की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागीय अफसर अपने विभाग से जुड़ी निर्माणाधीन विकास योजनाओं का कार्य गुणवत्ता के साथ शीर्ष प्राथमिकता से पूरा करें। कलक्ट्रेट में दैवीय आपदा की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अफसरों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी तरह की शिथिलता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने विभागवार दैवीय आपदा में किए जा रहे निर्माण कार्यो की जानकारी लेते हुए अफसरों को निर्देश दिए कि उनके अधीन जो भी निर्माण कार्य किए जा रहे हैं उन कार्यों को यथाशीघ्र पूरा कर लिया जाए, साथ ही कार्यों के फोटोग्राफ्स जिला कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध किए जाएं। कहा कि जिन कार्यों की एनओसी उपलब्ध कराई जानी है वह भी तत्काल उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन कार्यों को थर्ड पार्टी किया जाना है, उन्हें शीर्ष प्राथमिकता से उप जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए किया जाए। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि जो 10 लाख से अधिक के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं उन कार्यों का संबंधित अधिकारी द्वारा स्थलीय निरीक्षण करते हुए किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की पूर्ण जानकारी प्राप्त कर ली जाए। लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अफसरों को पूरी तैयारी के साथ स्वयं मौजूद होने को कहा। इस मौके पर एडीएम दीपेंद्र सिंह नेगी, लोनिवि ईई जेएस रावत, ऊखीमठ मनोज भट्ट, पीएमजीएसवाई कमल सिंह सजवाण, जखोली पवन कुमार सिंह, ग्रामीण निर्माण विभाग हितेश पाल सिंह, जल संस्थान संजय सिंह, जल निगम नवल कुमार, सिंचाई पीएस बिष्ट, जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट आदि मौजूद थे।