दो लोगों को मिला आंदोलनकारी का दर्जा

Spread the love

नई टिहरी। राज्य आंदोलनकारी के रूप में चिह्नीकरण के लिए मिले 28 आवेदनों की जांच के बाद समिति ने दो आवेदनों को मंजूरी दी है। 18 आवेदनों को आवश्यक अभिलेख और जानकारी पूरी होने के बाद आगामी बैठक में पुनर्विचार के लिए रखने का निर्णय लिया गया जबकि पात्रता मानक पूरे न करने वाले आठ आवेदन निरस्त किए गए। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण के लिए गठित समिति की बैठक हुई। 28 लोगों ने राज्य आंदोलनकारी चिह्नित करने के लिए आवेदन किया था जिसमें से विधि विहार नई टिहरी निवासी ओम प्रकाश भट्ट, कुजणी पट्टी के ग्राम कुमाली निवासी स्वर्गीय तोता सिंह को सर्वसम्मति से आंदोलनकारी चिह्नित किया गया।
वहीं जौनपुर ब्लॉक के धनोल्टी निवासी जगत सिंह, वीरेंद्र सिंह, नई टिहरी के उस्मान समेत आठ आवेदनों को शासनादेश में निर्धारित पात्रता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर निरस्त किया गया। इसके अलावा कीर्तिनगर ब्लॉक के ग्राम बडोन निवासी सुंदरमणि, नई टिहरी के विक्रम सिंह बिष्ट और विद्या नेगी सहित 18 लंबित प्रकरणों को आवश्यक अभिलेख एवं जानकारी के आधार पर आगामी बैठक में पुनर्विचार के लिए प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, एसीएमओ डॉ. अमलेश कुमार, सब इंस्पेक्टर शांता सजवाण, समिति के सदस्य एलडी जोशी, मुरारी लाल खंडवाल, देवी सिंह पंवार, पुरुषोत्तम सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *