बिना कारण के आवेदन को निरस्त न करें : जिलाधिकारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में गुरूवार को विकास भवन सभागार पौड़ी में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने ऐसे बैंकों की ब्रांच जहां ऋण वितरण/सीडी रेश्यो का अनुपात कम रहा है, उन बैंकों के साथ मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक सब कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। यह कमेटी ऋण अनुपात बढ़ाने के लिए बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य योजना तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि बिना कारण के आवेदन को निरस्त न करें।
बैठक में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली योजना, पं. दीन दयाल उपाध्याय होम स्टे योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना, पीएमईजीपी, एनआरएलएम, एनयूएलएम सहित अन्य योजनाओं को ऋण देने पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो आवेदन लंबित हैं उनका निस्तारण समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लक्ष्य के सापेक्ष कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य कृषि अधिकारी से समन्वय स्थापित कर पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ लेने वाले समस्त किसानों का चिन्हिकरण कर उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड से लाभान्वित करें। जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैंक के पास जो आवेदन लंबित पड़े हुए हैं उनकी सूची उपलब्ध कराएं तथा दोबारा से आवेदकों का आवेदन रिव्यू करायें। उन्होंने कहा कि कार्य प्रगति में ओर सुधार लाना सुनिश्चित करें तथा जिस विभाग को जो लक्ष्य दिया है वह निर्धारित समय पर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि आवेदकों को समय पर ऋण दें, जिससे वह समय पर अपना स्वरोजगार स्थापित कर सकेगें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार आर्य, महाप्रबंधक उद्योग मृत्युंजय सिंह, एआरसीएस सुमन कुमार, लीड बैंक अधिकारी अनिल कटारिया, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा, मुख्य उद्यान अधिकारी नरेंद्र कुमार, सहायक लीड बैंक अधिकारी भूपेश नौटियाल, पीएनबी से अजय रावत, यूनियन बैंक से अनिल कुमार, आईसीआईसी बैंक से जोशी, निरीक्षक जे के जोशी सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *