नगर निगम के डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की खुली पोल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम के डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन अभियान की पोल बुधवार को खुल गई है। नगर निगम के वार्ड नंबर 31 पदमपुर मोटाढांक के बाखल कॉलोनी लोगों का आरोप है कि नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी उनकी कॉलोनी में आज तक नहीं आई है। निगम की गाड़ी पीछे की रोड़ से होते हुए चली जाती है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से बाखल कॉलोनी मेें भी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन अभियान चलाने की मांग की है।
सरकार ने भले ही लोगों की कार्यशैली और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कूड़ा फेंकने पर जुर्माने की नियमावली बना दी हो, लेकिन नगर निगम के वार्ड नंबर 31 पदमपुर मोटाढांक के बाखल कॉलोनी में निगम डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन तक शुरु नहीं कर सकी है। शहर की साफ-सफाई का जिम्मा नगर निगम के हवाले है। तमाम संसाधन होने और लाखों की लागत के उपकरण खरीद के बाद भी निगम शहर की साफ सफाई कराने की व्यवस्था में फेल साबित हो रही है। शासन की मंशा के अनुरूप निगम अभी तक सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम भी शुरू नहीं कर पाया है। शहर की गलियों और सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे दिखाई देते हैं। जिससे संक्रमण और बीमारियां फैल रही हैं लेकिन इसके बाद भी निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बाखल कॉलोनी निवासी राखी देवी, कुसुम देवी, पंमपेश देवी, गीता, पूनम देवी, बबीता ने बताया कि नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी उनकी कॉलोनी में नहीं आती है और पूर्व में निगम की ओर से कूड़ा डालने वाले कंटेनर को भी हटवा दिया गया है। जिस कारण कॉलोनी के लोग कूड़ा डालने के लिए बहुत परेशान है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर तो नगर निगम डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन अभियान चलाने की बात कर रहा है वहीं बाखल कॉलोनी में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन अभियान तो दूर की बात है वहां कूड़ा डालने के लिए डस्टबीन तक नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *