कृष्णा नगर में आठ घंटे गुल रही बिजली, 16 हजार लोग परेशान

Spread the love

रुड़की। कृष्णा नगर क्षेत्र में बिजली लाइनों की मरम्मत के चलते मंगलवार को करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। सुबह करीब 10 से शाम 6 बजे तक रामनगर बिजलीघर पूरी तरह बंद रहने से क्षेत्र की करीब 16 हजार की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती का असर घरों से लेकर दुकानों तक दिखाई दिया। वहीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी दिक्कत झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह अचानक बिजली गुल होने के बाद लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी भी बढ़ती गई और बिना बिजली के लोग परेशान होते रहे। कई घरों में इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे दोपहर के समय हालात और कठिन हो गए। कृष्णानगर निवासी राजीव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में करीब पूरे दिन बिजली नहीं रही। गर्मी के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि यदि पहले से स्पष्ट जानकारी मिल जाती तो लोग अपनी व्यवस्था कर सकते थे। वहीं गृहिणी सीमा देवी का कहना है कि दिनभर बिजली न रहने से पानी की मोटर भी नहीं चल सकी, जिससे घरेलू कामकाज भी प्रभावित हुए। इस समय बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में बिजली कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी असर पड़ा। छात्र आकाश ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के लिए दिन का समय सबसे महत्वपूर्ण होता है, लेकिन बिजली न होने के कारण पढ़ाई में बाधा आई। कई छात्रों को गर्मी में बैठकर तैयारी करनी पड़ी। ऊर्जा निगम के एसडीओ पंकज गौतम ने बताया कि कृष्णा नगर क्षेत्र में बिजली लाइनों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य किया जा रहा था। इसी कारण सुबह 10 से शाम 6 बजे तक रामनगर बिजलीघर को बंद रखा गया। उन्होंने कहा कि यह कार्य भविष्य में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *