गैस की किल्लत पर ठेकेदार के खिलाफ प्रधान संघ मुखर

Spread the love

रुद्रपुर। ग्राम प्रधान संघ की अध्यक्ष मीना चौधरी (ग्राम प्रधान सकैनिया) के नेतृत्व में प्रधानों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचा। उन्होंने घरेलू गैस की समस्याओं को लेकर एसडीएम की गैरमौजूदगी में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसमें ठेकेदार की कार्यशैली पर आपत्ति जताई। प्रधानों ने आरोप लगाया कि कार्यस्थल पर असली ठेकेदार की मौजूदगी अनिवार्य है, लेकिन अधिकतर मामलों में ठेकेदार स्वयं उपस्थित नहीं रहते और उनकी जगह कर्मचारी मनमानी करते हैं। उन्होंने कहा कि ठेकेदार के कर्मचारी न केवल अवैध वसूली कर रहे हैं, बल्कि ग्राम प्रधानों के प्रतिनिधियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार भी कर रहे हैं, जिससे गांवों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। मांग की कि संबंधित ठेकेदार तत्काल प्रधानों से वार्ता कर विवादों का समाधान करें, ताकि क्षेत्र में गैस वितरण कार्य बिना व्यवधान के सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ठेकेदार की मनमानी नहीं रुकी तो प्रधान संघ सामूहिक कार्रवाई के लिए बाध्य होगा। तहसीलदार देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि गैस किल्लत को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर संजय चौधरी, दिलशाद, प्रियंका, सुमित्रा, तरन्नुम जहां, आयुष कोचर, प्रदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *