श्रीनगर गढ़वाल : उत्तराखंड पेयजल निगम और जल संस्थान के एकीकरण एवं राजकीयकरण की मांग पर सकारात्मक कार्यवाही न होने पर कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को जल संस्थान और पेयजल निगम के कर्मचारियों ने तहसील परिसर का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि जल्द मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं होती है तो वह उग्र आंदोलन के लिये बाध्य होंगे। गुरुवार को जल निगम-जल संस्थान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर दो सूत्रीय मांगों को लेकर श्रीनगर में जल संस्थान और पेयजल निगम के कर्मचारियों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस संदर्भ में उन्होंने उपजिलाधिकारी नुपुर वर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। इसी क्रम मे सयुंक्त मोर्चे के बैनर तले समस्त पेयजल के संगठनों ने प्रदेश, जनपद व तहसील स्तर पर घेराव कर सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया है, जिसमें पौड़ी, श्रीनगर, देवप्रयाग, टिहरी तथा अन्य सभी जनपदों मे पेयजल विभाग में कार्यरत उपनल कर्मचारियों द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। इस मौके पर परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार, सहायक अभियंता अजय गुरुंग, सहायक अभियंता संदीप नौटियाल, एसएन जोशी, मनीष रावत, सुशील पटवाल, धन सिंह रावत, दीपक नेगी, गौरव नौटियाल, देवेंद्र, कनिष्ट अभियंता मनीषा बिष्ट, दीप्ति मैखुरी, गीता पंवार आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)