वेतन न मिलने पर धरने पर बैठे दो जिलों के कर्मचारी

Spread the love

रुद्रपुर। नानकमत्ता दीर्घाकार बहुद्देशीय सहकारी समिति बिडौरा के कर्मचारियों का चार माह का वेतन रोकने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। समिति के कर्मचारी कार्य बहिष्कार व अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को धरने के चौथे दिन नैनीताल व ऊधमसिंह नगर के प्रत्येक समिति से कर्मचारी बिडौरा पहुंचे। यहां कर्मचारियों की महापंचायत में आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर आंदोलन को वृहद रूप देने का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि सोमवार से तीन दिन तक कर्मचारी विकास भवन रुद्रपुर में धरना देंगे। सहकारी समितियां कर्मचारी यूनियन नैनीताल व ऊधमसिंह नगर के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी की अगुवाई में संगठन ने चार सूत्रीय मांगपत्र जिला सहायक निबंधक को भेजा। आरोप लगाया कि विभाग के अफसर संगठन के पूर्व में प्रेषित मांगपत्रों को गम्भीरता से नहीं ले रहे हैं। मजबूरन कर्मचारी बड़े स्तर पर आंदोलन को बाध्य हो रहे हैं। आरोप लगाया कि नानकमत्ता दीर्घाकार बहुद्देशीय सहकारी समिति बिडौरा के कर्मचारियों को चार माह का वेतन नहीं दिया गया है। यूनियन की ओर से तीन बार पत्राचार किया गया, लेकिन वेतन का भुगतान नहीं हुआ। उन्होंने वेतन भुगतान करने और संचालक मंडल के सी 57 परिपत्र के संबंध में किए प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की। आरोप लगाया कि समिति कर्मचारियों का बार-बार सी 57 परिपत्र का हवाला देते हुए वेतन का भुगतान न कर शोषण किया जा रहा है। यहां सचिव शुभम कुमार, उपाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, पंकज अरोरा, अरुण सोलंकी, रमेश जोशी, लक्ष्मण सिंह, दिनेश यदुवंशी, सचिन कुमार, पुष्कर पंत, शीतल, गोविंद रावत, हिमांशु चंद्रा, भारत भूषण, अरविंद गुप्ता, एनके गोस्वामी, बलवंत रावत, दिनेश राणा मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *