खाली मैदान बन रहे कूड़ा डंपिंग जोन, बीमारियों का खतरा

Spread the love

कोटद्वार क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही सफाई व्यवस्था
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए निगम की ओर से वाहनों का संचालन किया जा रहा है। लेकिन, अब भी कई ऐसे व्यक्ति हैं जो अपने घर व प्रतिष्ठानों का कूड़ा खाली मैदान में उड़ेल रहे हैं। ऐसे में आबादी के बीच एकत्रित कूड़े के ढेर से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। हवा के साथ दुर्गंध चारों ओर फैल रही है। यही नहीं, गर्मी बढ़ने पर कूड़ा आग भी पकड़ने लगता है।
शहर में शायद ही कोई ऐसा वार्ड हो, जहां खाली प्लाट में कूड़े के ढेर न दिखाई दें। रात के अंधेरे में कई परिवार अपने घरों में एकत्रित कूड़े को इन खाली प्लाट में डाल देते हैं, जिससे कई स्थानों पर वर्षों से कूड़े का ढेर लगा हुआ है। गर्मी बढ़ने के साथ ही अब यह कूड़े का ढेर मुसीबत बनता जा रहा है। तेज हवा के साथ उड़ रही दुर्गंध के कारण आसपास के परिवारों का कमरों में बैठना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी धीरज सिंह, अर्जुन कुमार ने बताया कि शहर को स्वच्छ व स्वस्थ बनाने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। लेकिन, आमजन लापरवाह बना हुआ है। डंपिंग जोन बने इन खाली प्लाट के समीप से गुजरना भी मुश्किल हो गया है।

स्कूल के गेट पर डंपिंग जोन
देवी रोड में प्राथमिक विद्यालय सिताबपुर के प्रवेश द्वार को ही लोगों ने कूड़ा डंपिंग जोन बना दिया है। पूर्व में नगर निगम ने उक्त स्थान पर चेतावनी का बोर्ड भी लगाया था। लेकिन, असामाजिक तत्वों ने उस बोर्ड को ही उखाड़ गायब कर दिया। स्कूल के गेट पर जमा गंदगी के कारण विद्यार्थियों व शिक्षकों को बीमारियों का खतरा सता रहा है। साथ ही प्रवेश द्वार पर जमा गंदगी के कारण स्कूल में प्रवेश करना भी चुनौती बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *