दिन में घोषित और रात में अघोषित कटौती कर रहा उर्जा निगम

Spread the love

हल्द्वानी। भीषण गर्मी के मौसम में ऊर्जा निगम घोषित और अघोषित कटौती कर रहा है। दिन के समय सात घंटे से ज्यादा समय तक लाइन मेंटिनेंस के लिए हर रोज कटौती हो रही है। वहीं देर रात निगम अलग-अलग क्षेत्रों में दो से तीन घंटों तक अघोषित कटौती कर रहा है। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही कटौती से लोगों में निगम के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है। गर्मी बढ़ने के साथ ही पिछले एक माह से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही कटौती से लोग परेशान हैं। निगम मेंटिनेंस के नाम पर बिजली काट रहा है। सोमवार को गौलापार बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में सात घंटे बत्ती गुल रही। अन्य क्षेत्रों में दिन भर बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। दिन में लगभग दो घंटे तक हुई कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बुधवार देर रात 11 बजे से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में अघोषित कटौती का सिलसिला शुरू हो गया। निगम ने लगभग तीन घंटे तक कई इलाकों की सप्लाई बंद रखी। रात को होने वाली कटौती से लोगों का सोना भी दूभर हो गया। कुसुमखेड़ा निवासी मनोज तिवारी ने कहा, जरूरत के समय ही विभाग लोगों को बिजली देने में नाकाम हो रहा है। दिन में उमस भरी गर्मी में रहने का मजबूर पहले से ही विभाग ने बना दिया था। अब रात में भी कटौती होने से बच्चों और बुजुर्गों का सोना भी मुश्किल कर दिया है। पार्षद मनोज जोशी कहा कि जल्द समाधान नहीं किए जाने पर ऊर्जा निगम के अभियंताओं का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता नवीन मिश्रा ने बताया, बरसात में सप्लाई बेहतर बनाने के लिए मेंटिनेस का काम किया जा रहा है। रात में लोड बढ़ने से कई बार तकनीकी दिक्कत आ जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *