खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें : डीएम

Spread the love

नई टिहरी। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अधीन गठित जनपद स्तरीय सलाहकार समिति की पहली बैठक डीएम इवा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में आगामी त्यौहारों के सीजन को देखते हुए डीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को अधिक से अधिक निरीक्षण करने व खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करवाने को कहा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि चालू वर्ष में माह जुलाई तक 483 निरीक्षण किये, जिसमें से 41 प्रतिष्ठानों को धारा 32 के तहत सुधार के लिए नोटिस जारी किये गये। वहीं चालू वर्ष में 42 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गये हैं। जिसमें से 31 नमूने मानकों पर खरा नहीं उतर पाये हैं। इसके अलावा एसडीएम कोर्ट में कुल 12 वाद दायर किये गए हैं, जिसमें से 11 वादों का निस्तारण किया जा चुका है। चालू वर्ष में एसडीएम कोर्ट में दायर वादों के निस्तारण के दौरान 96000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। चालू वित्तीय वर्ष में जुलाई तक 35 प्रतिष्ठानों को लाइसेंस जारी किए गए। जबकि 476 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का पंजीकरण किया गया है। लाइसेंस जारी करने से कुल 1 लाख 42 हजार का राजस्व प्राप्त हुआ है। जबकि पंजीकरण से प्राप्त राजस्व 1 लाख 7 हजार रुपये रहा। इसके अलावा खाद्य अभिहित अधिकारी ने फ़ूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन के तहत मुनिकीरेती, धनोल्टी, चम्बा व टिहरी में 200 खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा हाइजीन रेटिंग, धार्मिक स्थलों पर प्रसाद व भोजन तैयार करते समय सुरक्षा व स्वछता, इस्तेमाल किये गए तेल का संकलन, विद्यालयों में छात्रों को स्वच्छ भोजन व फूड फोर्टीफिकेशन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सीएमओ डॉ संजय जैन, खाद्य अभिहीत अधिकारी महिमानंद जोशी, डीईओ बेसिक एसएस बिष्ट, डीएसपी सदर एसपी बलूनी, कृषि अधिकारी राजदेव पंवार, पूर्ति निरीक्षक सुनील बडोनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *