डिप्टी सीएम केशव मौर्य के इलाके सिराथू में बवाल, 400 सपा कार्यकर्ताओं पर एफआईआर, पुलिस पर हमले का आरोप

Spread the love

कौशांबी , एजेंसी। कौशाम्बी के सिराथू विधानसभा की गिनती के दौरान गणना रोकने पर हुए बवाल में सपाइयों पर शिकंजा कसा गया है। नवीन मंडी ओसा में गुरुवार की शाम को हुए बवाल में सदर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है।
400 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ इंस्पेक्टर ने एफआईआर दर्ज कराई है। सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस पर हमला, तोड़फोड़, सरकारी काम में बाधा और मंडी गेट तोड़ने का आरोप है। सिराथू से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मैदान में थे। उनके साथ सपा ने अपना दल कमेरावादी की नेता पल्लवी पटेल को उतारा था। यहां से पल्लवी पटेल को देर रात विजयी घोषित किया गया है।
इससे पहले शाम करीब सवा पांच बजे मतगणना एक ईवीएम की गिनती गड़बड़ी की आशंका पर रुक गई थी। उपमुख्यमंत्री के बेटे योगेश मौर्य का कहना था कि जितने वोट उस ईवीएम में बताए गए, उससे ज्यादा डिस्पले में दिख रहे थे। इसके बाद अंदर हंगामा हुआ।
जानकारी होने पर सपा प्रत्याशी पल्लवी पटेल वहां पहुंचीं थीं। मतगणना रुकने पर तमाम तरह की अफवाह बाहर फैल गई थी। सपा कार्यकर्ता उग्र हो गए थे। भाजपा कार्यकर्ता बाहर निकले तो उनसे झड़प हो गई। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो सपा कार्यकर्ताओं ने ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया था।
पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए मंडी का गेट तोड़ने का प्रयास किया। पथराव में मंझनपुर का सिपाही पेंद्र कुमार घायल हो गया। कई अन्य पुलिसकर्मियों को चोटें आईं थीं। पैरामिलिट्री फोर्स ने लाठी भांजी तो कार्यकर्ता भाग निकले थे। इस मामले में देर रात सदर कोतवाली में इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह ने 400 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज करा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *