बिजली गिरने से रेस्टोरेंट में लगी आग, सिलिंडर फटने से हुई विकराल

Spread the love

चमोली-कुंड हाईवे पर मंडल में बिजली गिरने से एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। रेस्टोरेंट पर ताला लगा हुआ था। यहां रखे गैस सिलिंडर के फटने से आग विकराल हो गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। आग से रेस्टोरेंट में रखा अधिकांश सामान जल गया। मंडल में जड़ी-बूटी शोध संस्थान के समीप एक रेस्टोरेंट स्थित है। पुलिस चौकी प्रभारी विपिन त्यागी ने बताया कि रविवार को अपराह्न करीब तीन बजे बारिश के दौरान बिजली गिरने से अचानक रेस्टोरेंट में आग लग गई। रेस्टोरेंट में सिलिंडर भी रखा था जो आग लगने से फट गया और आग विकराल हो गई। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी को दी। अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई जिस पर टीम दो वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। उन्हाेंने बताया कि रेस्टोरेंट स्थानीय मनीष नौटियाल का है और ऋषिकेश निवासी राजीव गुप्ता को किराये पर दिया गया है। इन दिनों रेस्टोरेंट बंद था। बताया कि प्रथम दृष्टया बिजली गिरने के बाद रेस्टोरेंट में शाॅर्ट सर्किट होने से आग लगने की सूचना है। इसकी जांच भी की जा रही है। आग बुझाने में अग्निशमन अधिकारी नरेश सिंह, अनूप सिंंह, यशवंत सिंह, पवन सिंह, अंकित सिंह, रश्मि आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *