झूमाधुरी के जंगल में रात भर धधकती रही आग

Spread the love

 

चम्पावत। मां झूमाधुरी मंदिर से सटे जंगल में मंगलवार की रात से भीषण आग धधकती रही। लगातार दूसरे दिन आगजनी से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। वन विभाग की टीम बुधवार को भी आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत करती रही। मां झूमाधुरी के जंगल में मंगलवार दोपहर किसी अज्ञात शख्स ने आग लगा दी। देखते-देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग के धुंअ‍े से चारों ओर धुंध फैल गई। आसपास के लोगों को सांस लेने में भी दिक्कतें होने लगी। लोगों के मुताबिक पांच हेक्टेयर से अधिक जंगल में आग फैली। जिस कारण कीट पतंगों के साथ ही पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचा है। यह आग मां झूमाधुरी मंदिर के एकदम पास में लगी थी। आग लगने से बांज, बुरांस, फल्यांठ, चीड़, देवदार आदि के छोटे पौधे जलकर राख हो गए हैं। लोगों ने बताया कि झूमाधुरी के निचले हिस्से में पाटन और सुई पऊ की ओर अधिकांश क्षेत्र में चीड़ का जंगल होने से लगातार पिरूल गिर रही है। जिससे आग की घटनाएं अधिक हो रही हैं। रेंजर दीप जोशी ने बताया कि झूमाधुरी के जंगल में आग लगने से मंगलवार रात को भी वन कर्मी मौके पर गए थे। बुधवार को भी वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई। रेंजर के मुताबिक जमीन पर गिरी पेड़ों की लकड़ियां और पिरुल से आग तेज हो गई। आग पर काबू पाने का प्रयाय किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *