पहले जूसवाला, अब मजदूर… 8500 कमाने वाले को इनकम टैक्स ने भेजा 3.87 करोड़ का नोटिस

अलीगढ़ , उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दिहाड़ी मजदूर को आयकर विभाग ने 3.87 करोड़ रुपये का नोटिस थमा दिया। महज़ 8,500 रुपये मासिक कमाने वाले मोहित नामक मजदूर के नाम पर दिल्ली में एक फर्जी कंपनी चलाए जाने का मामला उजागर हुआ है।थाना गभाना क्षेत्र के गांव सांगौर निवासी मोहित ट्रांसपोर्ट कंपनी में मजदूरी करता है। लेकिन उसके नाम पर ‘एमके ट्रेडर्स’ नाम से दिल्ली में एक कंपनी पंजीकृत मिली, जिसके चलते इनकम टैक्स विभाग ने उस पर बकाया रिटर्न न भरने को लेकर 100 प्रतिशत पेनाल्टी के साथ भारी-भरकम नोटिस भेज दिया। मोहित जब यह नोटिस लेकर पुलिस के पास पहुंचा, तो मामले की सच्चाई सामने आई। जांच में खुलासा हुआ कि मोहित के पैन और आधार कार्ड का दुरुपयोग कर यह कंपनी शुरू की गई थी।यह अलीगढ़ में इस प्रकार का चौथा मामला है। इससे पहले एक जूस विक्रेता को 7.76 करोड़, एक ताला कारीगर को 11.11 करोड़ और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के संविदाकर्मी करण कुमार को 33.88 करोड़ रुपये का नोटिस मिल चुका है। इन सभी मामलों में आधार और पैन कार्ड की धोखाधड़ी सामने आई है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने आधार और पैन कार्ड की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीडि़तों और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस और साइबर सेल इन मामलों की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *