झमाझम बारिश से लुड़का पारा, जनजीवन अस्त-व्यस्त

Spread the love

-शनिवार तड़के से शुरू हुई बारिश ने बढ़ाई आमजन की दुश्वारियां
-लोग घरों में कैद होने को हुए मजबूर, व्यापार पर भी हुआ प्रभावित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातर बदल रहे मौसम के मिजाज के कारण आमजन परेशान हैं। कभी दिनभर बादल छाये रहने और कभी बारिश होने से ठंड में भी इजाफा हो रहा है। शनिवार को तड़के से शुरू हुई झमाझम बारिश के कारण भी पारा पांच डिग्री सेल्सियस तक लुड़क गया। जिससे लोग घरों में ही कैद होने को मजबूर हो गए। बारिश के कारण कोटद्वार में दिनभर बाजार सूने नजर आए, जिससे व्यापार भी काफी हद तक प्रभावित हुआ।
बीते बुधवार को भी दिनभर बारिश के कारण ठंड में इजाफा हुआ था। हालांकि, गुरुवार व शुक्रवार को धूप खिलने से आमजन को थोड़ी राहत मिली और पारा भी थोड़ ऊपर चढ़ा। लेकिन, शनिवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और तड़के से झमाझम बारिश शुरू हो गई जो दिनभर जारी रही। लगातार बारिश के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जलभराव होने से आवाजाही में भी काफी परेशानी हुई।

सड़कें बनी तालाब, जल निकासी की व्यवस्था की खुली पोल
शनिवार को दिनभर चली बारिश के कारण कोटद्वार की अधिकांश सड़कें भी जलमग्न हो गईं। जगह-जगह सड़कों पर पानी भरा होने से आमजन को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा सड़क दुर्घटना का डर भी बना रहा। कोटद्वार-भाबर सड़क की ही बात करें तो यहां जल निकासी के लिए सड़क के किनारे नाली बनाई गई है, लेकिन नाली ऊपर और सड़क नीचे होने के कारण सड़क का पानी नाली में नहीं जा पा रहा है। जिस कारण कई स्थानों पर इतना अधिक पानी एकत्र हो रहा है कि यहां चलना तक मुश्किल हो जाता है।

मालनी मार्केट से सटे घरों में घुसा पानी
लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर घरों में भी पानी घुसने की सूचना है। मालनी मार्केट से सटे घरों में भी शनिवार को बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों का कीमती सामान खराब हो गया। बड़ी मशक्कत से लोगों ने पानी को बाहर निकाला। हालांकि इन घटनाओं से नगर निगम की बरसात को लेकर की गई तैयारियों की भी पोल खुल गई।

नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग दो स्थानों पर हुआ बंद, लगा वाहनों का जाम
शनिवार को बारिश के कारण नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग भी पांचवी मील व गुमखाल के पास मलबा आने से बंद हो गया। जिससे मार्ग पर वाहनों का जाम लगा रहा। पहली घटना में दिन में करीब सवा तीन बजे पांचवी मील के पास पहाड़ी से मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हुआ। हालांकि पास में ही नेशनल हाईवे डिपार्टमेंट की जेसीबी खड़ी थी, जिससे मार्ग को करीब 20 मिनट में ही खोल दिया गया। उधर, दूसरे मामले में गुमखाल बैरगांव के पास भी करीब साढ़े तीन बजे पहाड़ी से मलबा आने से नेशनल हाईवे बंद हो गया। यहां भी जेसीबी पहले से मुश्तैद थी। जिससे मार्ग करीब 15 मिनट में खोल दिया गया। नेशनल हाईवे डिपार्टमेंट के जेई अरविंद जोशी ने बताया कि फिलहाल नजीबाबाद-बुआखाल नेशनल हाईवे यातायात के लिए पूरी तरह से खुला हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *