कोरोना से जान की सुरक्षा के लिये वैक्सीनेशन सेंटर में नहीं हो रहा कोविड नियमों का पालन, खतरे में जिंदगी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
पौड़ी गढ़वाल में कोविड वैक्सीनेशन अभियान तेजी से चल रहा है। कोरोना महामारी से बचने के लिए लोग कोविड वैक्सीन लगाने के लिए वैक्सीनेशन सेंटर में जा रहे है। कोरोना से सुरक्षा के लिए जहां लोग वैक्सीन लगवा रहे है, वहीं इस दौरान सामाजिक दूरी का उल्लंघन होने से कोरोना संक्रमण का खतरा बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा नहीं है कि कोविड वैक्सीन लगाने के बाद कोरोना नहीं होगा। वैक्सीन लगाने के बाद भी मास्क और सामाजिक दूरी का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
भले ही पौड़ी गढ़वाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण का एक मामला आया हो, लेकिन अभी कोरोना संक्रमण का खतरा टला नहीं है। अभी लोगों को जागरूक और सर्तक रहने की जरूरत है। लेकिन लोग लापरवाह बनें हुए है। जहां लोग कोरोना से सुरक्षा के लिए कोविड वैक्सीन लगवा रहे है, वहीं कोविड गाइड लाइन का उल्लंघन कर स्वयं सहित परिवार को खतरे में डाल रहे है। शनिवार को ऐसा ही नजारा भाबर क्षेत्र के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज घमण्डपुर टीकाकरण केंद्र में देखने को मिला। यहां वैक्सीन लगाने आये लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े थे। ऐसे में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। लोग कोविड गाइड लाइन का सही से पालन नहीं कर रहे है। कोरोना काल में साफ-सफाई की बड़ी भूमिका है। संक्रमण को रोकने के लिए हमें अपने घर और आसपास में सफाई रखनी चाहिए। कोरोना से बचने के लिए सामाजिक दूरी को कारगर बताया जा रहा है। सामाजिक दूरी का पालन करके ही कोरोना वायरस से बचा जा सकता है।
पार्षद सौरव नौडियाल ने बताया कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज घमण्डपुर में बनाये गये टीकाकरण केंद्र में तमाम अव्यवस्थाएं है। यहां लोगों के लिए पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं है। लोग वैक्सीन लगाने के लिए घंटों धूप में खड़े होने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि लाइन में लगे लोग सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं कर रहे है। इससे कोरोना संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। पार्षद सौरव नौडियाल ने कहा कि मोटाढांक इंटर कॉलेज में कोविड वैक्सीन लगाने के लिए टीकाकरण केंद्र बनाया जाना चाहिए। वहां सभी व्यवस्थाएं है। मोटाढांग को टीकाकरण केंद्र बनाये जाने पर वहां व्यवस्थाएं बनाने में प्रशासन का हर संभव सहयोग किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *