कौड़िया से नगर निगम तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनेगा फुटपाथ
विस्तृत प्राक्कलन योजना तैयार करने में जुटा नगर निगम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दो वर्ष पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाए गए अवैध अतिक्रमण की आखिर नगर निगम ने सुध ले ही ली है। नगर निगम अतिक्रमण हटाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खाली हुई जगह का उपयोग फुटपाथ के रूप में करेगा। कौड़िया से नगर निगम परिसर के मध्य बनने वाले फुटपाथ की विस्तृत प्राक्कलन योजना तैयार की जा रही है। योजना के धरातल पर उतरने से जहां यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। वहीं, शहर वासियों को पैदल चलने के लिए एक सुरक्षित व बेहतर स्थान मिल पाएगा।
नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश पर नगर निगम ने राष्ट्रीय राजमार्ग से अपनी नजूल भूमि पर बने पचास से अधिक अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त किया था। लंबे समय से राष्ट्रीय राजमार्ग पर खाली पड़े उक्त स्थान का किसी भी रूप में प्रयोग नहीं किया जा रहा था। ऐसे में शहरवासी भी लगातार उक्त खाली स्थानों को पार्किंग या फुटपाथ के रूप में तब्दील करने की मांग उठा रहे थे। जनता का कहना था कि नगर निगम ने हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण तो हटा दिया। लेकिन, इसका आमजन को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। दो वर्ष बाद आखिर नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के बाद खाली हुई जगह का उपयोग करने की सुध ले ली है। योजना के तहत कौड़िया से नगर निगम परिसर के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर फुटपाथ तैयार किए जाएंगे। राजमार्ग के दोनों ओर नालियों के ऊपर स्लैब रखकर वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
तो सुधरेगी व्यवस्था
राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर फुटपाथ तैयार होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था में काफी सुधार होगा। वर्तमान में फुटपाथ न होने के कारण लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में कई बार दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति भी बनी रहती है।
शहर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कौड़िया से नगर निगम के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर फुटपाथ बनाने के लिए विस्तृत प्राक्कलन योजना तैयार की जा रही है। जल्द ही योजना को धरातल पर उतारा जाएगा..वैभव गुप्ता, नगर आयुक्त, कोटद्वार