सुरकंडा मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष शिव सिंह का निधन

Spread the love

नई टिहरी : श्री सुरकंडा मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष व ग्राम पंचायत जड़धार गांव के पूर्व प्रधान शिव सिंह जड़धारी के निधन पर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक जताया। 80 वर्षीय शिव सिंह जड़धारी का निधन बीते रोज पैतृक गांव में हुआ। बुधवार को हेंवलनदी तट स्थित देवनगर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। शिव सिंह जड़धारी जुलाई 1965 में सेना में भर्ती हुए और सेना के खुफिया विभाग में 32 साल की नौकरी के बाद सूबेदार मेजर पद से दिसंबर 1997 में सेवानिवृत हुए। उसके बाद गांव में आकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय हो गए। वर्ष 2004 की पंचायत चुनाव में विकासखंड चंबा की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत जड़धार गांव के प्रधान बने और फिर वर्ष 2004 में ही प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री सुरकंडा मंदिर समिति के दस साल तक अध्यक्ष बन रहे। उनके कार्यकाल में मां सुरकंडा का भव्य मंदिर बनाया गया, वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण भी किया गया। इसके अलावा क्षेत्र में होने वाली सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही। पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष देव सिंह पुंडीर, श्री सुरकंडा मंदिर समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, प्रबंधक भरत सिंह जड़धारी, समाजसेवी विजय जड़धारी, पूर्व सैनिक संगठन के संरक्षक इंद्र सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता उत्तम सिंह जड़धारी, विनोद जड़धारी, रामकृष्ण डबराल आदि ने उनके निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। (एजेंसी)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *