आंध्र प्रदेश में एक परिवार के चार लोगों की धुएं से दम घुटने पर मौत

Spread the love

अमरावती ,आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले में एक परिवार के चार सदस्यों की धुएं में दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने पुष्टि करते हुए कहा कि यह दुखद घटना पुंगनूर शहर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घर में पूरी रात चालू रखी गई बाइक से निकले धुएं में परिवार के सदस्यों को दम घुट गया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान दादा, उनकी दो पोतियों और एक पोते के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुरली नाम का एक व्यक्ति, जो हेयर सैलून चलाता है, उसने शनिवार को एक मैकेनिक से अपनी मोटरसाइकिल की सर्विस करवाई थी। इंजन में खराबी के कारण मैकेनिक ने बोर पिस्टन बदल दिया था। बताया जाता है कि उसने मुरली को सलाह दी थी कि वह इंजन को पूरी रात चालू रखे। मुरली ने घर की सभी खिड़कियां बंद कर दीं और बाइक को चालू छोड़ दिया। जहां मुरली और उसकी पत्नी रेवती छत पर सोने चले गए, वहीं उसके पिता रामचंद्रैया, उनका बेटा कार्तिक और जुड़वां बेटियां चरिता और चंदना घर के अंदर सोए हुए थे।
पुलिस ने बताया कि घर के सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद होने के कारण बाइक से निकला धुआं पूरे घर में भर गया। रविवार सुबह रामचंद्रैया (70), उनकी जुड़वां पोतियां चरिता और चंदना (उम्र 8 साल) और पोता कार्तिक (15) मृत पाए गए। मुरली और उसकी पत्नी इसलिए बच गए, क्योंकि वे छत पर सो रहे थे।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि कार्बन मोनोऑक्साइड गैस सूंघने से दम घुटने के कारण उन सभी की मौत हुई है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इसी बीच, रविवार को विशाखापत्तनम में एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना बीएचपीवी जंक्शन पर तब हुई जब एक ट्रक ने चौराहे पर रुके वाहनों को कुचल दिया। इस हादसे में दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रामकृष्ण और संतोषी के रूप में हुई। इस दुर्घटना में एक कार और दो दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बाद में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया और जांच शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *