ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साढ़े छह लाख की ठगी

Spread the love

रुद्रपुर(। रुद्रपुर के एक युवक से ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये की ठगी हो गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, गौतम साहनी पुत्र सुरेश कुमार साहनी निवासी खुशी एन्क्लेव भूरारानी रोड ने बताया कि दो माह पहले उन्हें फेसबुक पर एक लिंक मिला। लिंक खोलते ही वह एक कथित व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए, जिसमें लगभग 90 लोग शामिल थे। ग्रुप में रोजाना शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट साझा किए जाते थे। खुद को आईआईएफसीएस कंपनी का कर्मचारी बताकर ठगों ने उन्हें प्री-आईपीओ और ब्लॉक ट्रेड में अधिक मुनाफे का लालच दिया। शुरुआत में शेयर रेट वास्तविक कंपनियों से मेल खाते दिखे, जिससे उन्हें विश्वास हो गया। इसके बाद ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेजने को कहा। गौतम ने बताया कि 14 से 30 अक्तूबर के बीच उन्होंने अपने और पत्नी के खातों से कुल 6,47,600 रुपये ट्रांसफर कर दिए। हर निवेश के बाद पोर्टल पर नकली मुनाफा दिखाया जाता था और ज्यादा लाभ का झांसा देकर बड़े निवेश का दबाव बनाया जाता था। कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि पूरा पोर्टल और कंपनी प्रतिनिधि फर्जी थे। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *