पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें

Spread the love

-लगातार दो दिन से हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त
-कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में भी लोग घरों में कैद होने को मजबूर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार दो दिन से हो रही बारिश के कारण पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड से ठिठुर गया है। गिरते पारे के चलते लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों में भी ठंड से बुरा हाल है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कोटद्वार में गत शनिवार दोपहर से जारी बारिश के कारण रविवार को भी बाजार में सन्नाटा पसरा रहा।
शुक्रवार को धूप खिलने के बाद शनिवार से शुरू हुई बारिश का दौर रविवार को भी जारी रहा। कभी तेज तो कभी हल्की हो रही बारिश के कारण ठिठुरन भी बढ़ गई। बाजार क्षेत्र में अधिकांश व्यापारियों ने ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिए। सबसे अधिक परेशानी सड़कों पर बेसहारा घूमने वाले लोगों को उठानी पड़ी। क्षेत्रवासी सूरज सिंह ने बताया कि लगातार बढ़ रही ठंड के बाद भी नगर निगम की ओर से सड़कों के किनारे अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। नगर निगम की ओर से शहर के चंद स्थानों पर ही रात के समय अलाव जलाए जा रहे हैं। जबकि, भाबर क्षेत्र में एक दिन भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई। वहीं, रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में भी पूरे दिन बारिश होती रही। धुमाकोट क्षेत्र के कई स्थानों पर बर्फबारी की आशंका बनी हुई थी।
बॉक्स समाचार
आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार दो दिन से हो रही बारिश का दौर सोमवार को भी जारी रह सकता है। मंगलवार को हल्की धूप खिलने की संभावना है, लेकिन आमतौर पर बादल ही छाए रहेंगे। ऐसा ही हाल बुधवार को भी देखने को मिलेगा। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले तीन दिनों में भी लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, मौसम विभाग गुरुवार को मौसम साफ होने की उम्मीद जता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *