अनुदान राशि के नाम पर महिलाओं से ठगी, जताया रोष

Spread the love

विभिन्न वार्डों में रहने वाली महिलाओं ने एक ट्रस्ट पर लगाया आरोप
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में रहने वाली महिलाओं ने एक ट्रस्ट पर अनुदान राशि देने के नाम पर उनसे पैसे ठगने का आरोप लगाया है। महिलाओं ने पुलिस से शिकायत करते हुए ट्रस्ट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को महिलाओं ने कोतवाली में पहुंचकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह को अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। महिलाओं ने कहा कि हरिद्वार, रूड़की के साथ ही कोटद्वार में संचालित होने वाले एक ट्रस्ट ने कुछ माह पूर्व उन्हें एक लाख रुपये अनुदान देने की बात कही थी। ट्रस्ट की ओर से कहा गया था कि अनुदान राशि लेने के लिए महिलाओं को 1150 रुपये देकर ट्रस्ट की सदस्यता लेनी होगी। सदस्यों पर भरोसा कर सैकड़ों महिलाओं ने पैसे देकर ट्रस्ट की सदस्यता ग्रहण की। आरोप है कि कई माह बीत जाने के बाद भी जब उन्हें अनुदान राशि नहीं दी गई तो उन्होंने ट्रस्ट के संचालकों से उनके पैसे वापस लौटाने को कहा, लेकिन ट्रस्ट चलाने वाले उल्टा महिलाओं को ही धमकी देने लगे। वहीं, थाने में पहुंचे कई लोगों का आरोप है कि ट्रस्ट की ओर से उन्हें कोटद्वार में एजेंट बनाया गया था। जिसके बाद उन्होंने ट्रस्ट से अपने वार्ड की कई महिलाओं को भी जोड़ा, लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी यकीन नहीं था कि ट्रस्ट महिलाओं को धोखा दे देगा। इस मौके पर ऊषा देवी, ममता देवी, सुनीता देवी, रीना देवी, शोभा देवी, मोनिका देवी, सुमित्रा देवी, आशा देवी, इंदु देवी, संगीता देवी, रेखा देवी आदि मौजूद रहे।x

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *