गैरसैंण/चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में जनपद चमोली की कुल 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शिक्षा, भू-धंसाव से सुरक्षा तथा पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रामगंगा नदी पर बांध निर्माण का शिलान्यास
मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 122.69 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की योजना शामिल है। इसका उद्देश्य गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराना है।
इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे। यह योजना प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पॉलिटेक्निक भवन और सड़क योजनाओं को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण तथा 22.75 लाख रुपये की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास किया।
सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर 2 से फरखण्डे मोटर मार्ग तथा 5.60 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर 2 से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
34.04 करोड़ की छह योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) के उच्चीकरण का कार्य शामिल है। इसके साथ ही 4.37 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित ऑडिटोरियम भवन जनता को समर्पित किया गया। इस भवन से विद्यालय की शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने 4.03 करोड़ रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर 6 से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य और 2.17 करोड़ रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर 1 से 8 तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया।
पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं
को मिलेगी मजबूती
गैरसैंण में कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए दो महत्वपूर्ण भवनों का लोकार्पण किया गया। इनमें 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन तथा 4.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन शामिल हैं।इन सुविधाओं से क्षेत्र में अग्निशमन सेवाओं और पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर
इन विकास योजनाओं का प्रमुख उद्देश्य गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बांध से पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने, बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा कार्यों से स्थानीय आबादी की सुरक्षा और सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण से आवागमन को सुगम बनाने पर जोर दिया गया है।
वहीं, शैक्षिक संस्थानों के भवनों, पुलिस थाने और फायर यूनिट जैसी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की संभावना है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।