गढवाल केंद्रीय विवि ने किया आकस्मिक फंड का गठन

Spread the love

-कोरोना से मृत अपने अधिकारियों,शिक्षकों व कर्मचारियों के परिजनों को देगा विवि आर्थिक सहायता
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर।
गढ़वाल विवि प्रशासन ने आकस्मिक फंड का गठन किया है। जिसके लिए राष्ट्रीयकृत बैंक में टीचिंग/नॉन टीचिंग इंप्लाइज सेल्फ जनरेटेड इमरजेंसी रिलीफ फंड के नाम से खाता खोला जाएगा। विवि में तैनात शिक्षक, कर्मचारी (नियमित/आउटसोर्स/ अतिथि शिक्षक) की कोरोना संक्रमण से मौत होने पर इस फंड से परिजनों को आर्थिक मदद की जाएगी। फंड के लिए विवि के सभी नियमित शिक्षक व कर्मचारी स्वेच्छा से मई व जून के एक-एक दिन का वेतन देंगे।

गढ़वाल विवि प्रशासन ने विवि में कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों की कोरोना महामारी से मृत होने पर पीड़ित परिवारों की मदद करने का निर्णय लिया है। जिसके लिए आकस्मिक सहायता कोष का गठन किया गया है। कोष संचालन की जिम्मेदारी के लिए अधिष्ठाता छात्र कल्याण की अध्यक्षता में गठित कमेटी को दिया गया है। विवि के प्रभारी कुलसचिव हरिमोहन अरोड़ा ने बताया कि कोष के लिए किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खोला जाएगा। उक्त खाते में विवि के सभी नियमित शिक्षक व कर्मचारी मई व जून माह के एक-एक दिन का वेतन देंगे। वेतन से धनराशि कटौती स्वैच्छिक है। यदि किसी नियमित शिक्षक व कर्मचारी कटौती से सहमत न हो तो वह एक सप्ताह के भीतर कुलसचिव कार्यालय में लिखित रूप से असहमति दर्ज करा सकता है। अरोड़ा ने बताया कि नियमित शिक्षक/अधिकारी/ कर्मचारी और उच्च न्यायालय के निर्णयानुसार नियमित वेतन पाने वाले शिक्षणेत्तर कर्मचारी के परिवार को 3 लाख की आर्थिक सहायता की जाएगी। जबकि विवि में आउटसोर्स से कार्यरत कर्मचारियों व अतिथि शिक्षकों के परिजनों को 25 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह आदेश एक अप्रैल 2021 से मान्य होगा। शिक्षण शुल्क में मिलेगी छूट कोरोना महामारी से दिवंगत हुए शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारियों के पाल्यों को विवि के तीनों परिसरों में शिक्षण शुल्क की छूट दी जाएगी। यह छूट विवि के तीनों परिसरों में संचालित हो रहे किसी भी पाठ्यक्रम में मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *