पालिका के अधिशासी अधिकारी का घेराव

Spread the love

रुद्रपुर। नगर पालिका द्वारा ई रिक्शा चालकों से लाइसेंस के नाम से की जा रही वसूली को लेकर व्यापार मंडल ने ईओ का घेराव किया। आरोप लगाया कि दिनेशपुर के नाम से छपी रसीद पर लाइसेंस बनाया जा रहा है। वहीं अटो रिक्शा के नाम पर ई-रिक्शा चालकों से लाइसेंस बनाने के नाम से 360 रुपये जबदस्ती वसूले जा रहे हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़ एवं महामंत्री संदीप चावला के नेतृत्व में व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने नगरपालिका कार्यालय में ईओ प्रवीन कुमार का घेराव किया। पदाधिकारियों ने कहा कि पालिका द्वारा ई-रिक्शा चालकों से लाठी व डंडों को दिखाकर जबरदस्ती लाइसेंस बनाया जा रहा है। व्यापार मंडल द्वारा जब गजट दिखाने को कहा गया तो गजट में ई-रिक्शा के स्थान पर आटो रिक्शा का नाम था, जिस पर व्यापार मंडल ने कहा कि यह नियमानुसार गलत है, लेकिन ईओ ने इसे नहीं माना। व्यापार मंडल द्वारा कहा गया कि लाइसेंस के नाम पर काटी जा रही रसीद दिनेशपुर नगरपालिका की है तो इस पर ईओ का कहना था कि रसीद न छपने के कारण दी गई है। वहीं व्यापार मंडल ने लाइसेंस बनाने का विरोध किया। व्यापार मंडल का कहना था कि कोविड-19 के चलते पहले ही इनके कारोबार बंद रहे और आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। वहीं ईओ का कहना था गजट नोटिफिकेशन के आधार पर नियमानुसार लाइसेंस शुल्क लिया जा रहा है। घेराव करने वालों में सिद्घार्थ भुसरी, सुरेश खुराना, प्रीत ग्रोवर, सभासद परमजीत सिंह पम्मा, ई रिक्शा चालकों में विजय कुमार, अकील खान, असगर अली, रमेश, सचिन, बंटी, अजय, मोहन सिंह, राजा राम, अकबर अली, संतराम, जय प्रकाश, विजय, मोहम्मद हनीफ, महोब्बे अली, बूटा राम आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *