पांच दिन से पानी को तरस रहे गिवईस्रोत व कालाबड़वासी, सिस्टम लापरवाह

Spread the love

लोगों की लाख शिकायत के बाद भी गंभीरता नहीं दिखा रहा जल संस्थान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: गिवईस्रोत व कालाबड़वासी पिछले पांच दिन से पानी को तरस रहे हैं। घरों में पेयजल आपूर्ति ठप होने से वार्डवासियों का पूरा दिन केवल पानी की तलाश में ही बीत रहा है। लाख शिकायत के बाद भी जल संस्थान समस्या को लेकर लापरवाह बना हुआ है। ऐसे में वार्डवासियों ने जल्द समस्या का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कालाबड़ व गिवईस्रोत के करीब एक हजार परिवारों को जलसंस्थान के नलकूप से पेयजल उपलब्ध करवाया जाता है। लेकिन, पिछले पांच दिन से वार्ड में पेयजल समस्या बनी हुई है। वार्डवासी सुनील बड़ोला, दीपक थपलियाल, मनोरमा देवी, सुनीता देवी ने बताया कि जर्जर पेयजल लाइनों से पानी लीक होकर सड़कों पर बह रहा है। जिसके कारण वार्ड में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कुछ घरों में पानी का प्रेशर बहुत कम है जबकि, अधिकांश घरों में तो पानी पहुंच ही नहीं रहा। दशकों पुरानी जर्जर पेयजल लाइनों को बदलने के लिए कई बार विभाग व जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन, अब तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर झांकने तक नहीं पहुंचा। पेयजल आपूर्ति ठप होने से दिनचार्या भी प्रभावित होने लगी है। वार्डवासियों का पूरा दिन केवल पानी की तलाश में ही बीत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *