गोखेल व पटेल मार्ग पर अतिक्रमण कारियों का कब्जा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाना प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है। स्थिति यह है कि गोखले मार्ग के अलावा रेहड़ी, ठेली व फड़ व्यापारियों ने पटेल मार्ग पर भी कब्जा कर लिया है। गोखले और पटेल मार्ग पर अतिक्रमण के कारण दिन भर जाम लगता रहता है। गोखेल मार्ग पर तो सांय के समय वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने पूर्व में अभियान चलाया था। अभियान के दौरान गोखले मार्ग पर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को प्रशासन ने नोटिस दिये थे। जिसके बाद व्यापारियों ने दुकानों के बाहर किसी भी रेहड़ी, ठेली व फड़ व्यापारी को दुकान नहीं लगाने दी। जिससे काफी हद तक शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार हो गया था, लेकिन इसके बाद प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। नतीजा गोखले मार्ग के अलावा रेहड़ी, ठेली व फड़ व्यापारियों ने पटेल मार्ग पर कब्जा कर लिया है। मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण होने से पटेल मार्ग काफी संकरा हो गया है। जिससे वाहनों को आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। निगम की सड़कों पर जगह-जगह अतिक्रमण होने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है।
ज्ञात हो कि प्रशासन ने वर्ष 2017 में गोखल मार्ग पर 72 अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया था। वहीं राष्ट्रीय मार्ग पर वर्ष 2018 में करीब 140 अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया था, लेकिन अभी तक इस पर कोई भाी कार्यवाही नहीं हो पाई है। अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्यवाही न होने से अतिक्रमणकारियों के हौंसले बुलन्द है। इसी का नतीजा है कि अब रेहड़ी, ठेली व फड़ व्यापारियों ने पटेल मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण कर लिया है। पटेल मार्ग पर फैले अतिक्रमण के कारण इस मार्ग पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार दो पहिया वाहन चालकों को घंटों धूप में खड़े रहकर जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है।

क्या कहते है नगर आयुक्त
कोटद्वार। नगर निगम के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए सख्ती के साथ अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि गोखले व पटेल मार्ग सहित अन्य सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *