मतगणना के लिये बदला गोपेश्वर का ट्रैफिक प्लान

Spread the love

 

चमोली। जिला मुख्यालय गोपेश्वर का ट्रैफिक प्लान मतगणना के लिये बदला गया है। पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर बताया कि मतगणना के दिन गोपेश्वर में सम्पूर्ण यातायात वन-वे रहेगा। चमोली से आने वाले वाहन लीसा बैंड होते हुए बाईपास जाएंगे। गोपेश्वर से चमोली जाने वाले वाहन मुख्य मार्ग से जाएंगे। एसपी ने बताया कि मतगणना के दिन नगर में अनावश्यक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आपातकालीन भारी वाहनों को लीसा बैंड से बाईपास भेजा जाएगा। वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था स्पोर्ट्स स्टेडियम में की जाएगी। मतगणना महाविद्यालय गोपेश्वर में होगी। जहां से मुख्य सड़क गुजरती है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने अपर जिला मजिस्ट्रेट के साथ सुरक्षा व्यवस्था और मतगणना के लिये आवश्यक तैयारियों का भी निरीक्षण किया। एसपी ने बताया जनपद पुलिस द्वारा मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गयी है। मतगणना वाले दिन त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा पहले से बना है। मतगणना के दिन पर्याप्त मात्रा में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जायेगा। आउटर कर्डन में व्यापक सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे । चुनाव आयोग द्वारा कर्डन से सम्बंधित जारी गाइडलाइन का पूर्णत: पालन किया जायेगा। प्रवेशद्वार पर सिर्फ उन लोगों को प्रवेश दिया जाएगा जिनके पास निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पहचान पत्र होंगे। मतगणना के दिन बाहरी व्यक्तियों का परिसर में पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। परिसर में पर्याप्त संख्या मे सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। मतगणना स्थल के आउटर कर्डन मे पीएसी व जनपद पुलिस की तैनाती की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *