विकासनगर। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की विफलताओं को पहुंचाएं। कहा कि डबल इंजन की जनविरोधी सरकार ने पिछले साढ़े चार साल से अधिक के कार्यकाल में जनता पर महंगाई और बेरोजगारी का चाबुक चलाने के अलावा कोई दूसरी उपलब्धि हासिल नहीं की। हरिपुर ढकरानी वार्ड नंबर एक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि उत्तराखंड में फिर चुनाव आते देख भाजपा की सरकार झूठी और फर्जीं घोषणाएं करने लगी है। जबकि पिछले साढ़े चार साल से अधिक के कार्यकाल में इस सरकार ने चार सौ रुपये का गैस सिलेंडर एक हजार रुपये, साठ रुपये किलो का सरसों व रिफाइंड तेल एक सौ नब्बे रुपये और पेट्रोल के दाम सौ रुपये लीटर तक पहुंचा दिए हैं। प्रदेश के सरकारी विभागों में हजारों पद रिक्त हैं। उन पदों को समाप्त करने का काम इस जनविरोधी सरकार ने किया है। साढ़े चार साल में किसी भी विभाग में नियुक्तियां नहीं की गयी। शिक्षित, प्रशिक्षित बेरोजगार दर दर भटक रहे हैं। पूरे देश में बेरोजगारी के मामले में उत्तराखंड टॉप पर है। कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल हो गयी है। अब ऐन वक्त पर नए-नए ड्रामे शुरू किये जा रहे है। कहा कि सरकार को जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है। जनता भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने को तैयार बैठी है। बैठक में राहुल गोयल, सानू, योगंबर, कठैत, राजपाल आदि कई लोग शामिल रहे।