विद्युत कर्मचारियों के हड़ताल को लेकर सरकार सख्त

Spread the love

बागेश्वर। उत्तराखंड विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघ मोर्चा के छह अक्टूबर से प्रस्तावित हड़ताल में जाने की घोषणा के दृष्टिगत राज्य में विद्युत की निर्बाध आपूर्ति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए सरकार सजग हो गई है। सचिव ऊर्जा सौजन्या ने वीडियो कन्फ्रेसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि हडताल के मद्देनजर किसी भी प्रकार से विद्युत आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत कार्य में तैनात किये जा रहे कार्मिकों की समुचित सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा। कहा कि कंट्रोल रूम को एक्टिव किया जाए।
कहीं भी अगर पवर कट की समस्या आती हैं तो राज्य हेल्प लाइन 1912 नंबर पर सूचित करें और साथ ही इस हेल्पलाइन नंबर का प्रचार प्रसार करें। जिससे कि कोई भी समस्या होने पर कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर सूचना दे सकता हैं। सचिव ऊर्जा ने यह भी निर्देश दिए कि जिन भी कर्मचारियों ने हड़ताल न करने को लेकर लिखित में दिया है, अगर वो कर्मचारी हड़ताल पर जाते हैं तो उन पर एस्मा एक्ट लगाया जाएगा। जिलाधिकारी विनीत कुमार ने अगवत कराया कि जनपद में कुल चार सब स्टेशन हैं, जिसमें सभी की ड्यूटी लगा दी गयी हैं, जिनकी ड्यूटी लगाई गई हैं, उनको भी ट्रेनिंग दी जा चुकी हैं। साथ ही कंट्रोल रूम भी बनाया गया है जिसका दूरभाष नंबर- 05963-220037 है। इसके साथ ही मजिस्ट्रेट एवं स्टेशन प्रभारियों की भी तैनाती की गयी है। पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने अवगत कराया कि जनपद के सभी सब स्टेशनों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है, जिसमें पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। वीसी में अपर जिलाधिकारी चंद्र सिंह इमलाल, जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी,उपजिलाधिकारी बागेश्वर हरगिरि, अधिअभि विद्युत भाष्कर पांडेय, परियोजना अधिकारी उरेडा रकी कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *