बिजली कटौती के खिलाफ फूटा गुस्सा, सरकार का पुतला दहन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी का गुस्सा फूट पड़ा। कमेटी के सदस्यों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। साथ ही सरकार का पुतला दहन किया।
सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता बदरीनाथ मार्ग तिराहे पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने अघोषित बिजली कटौती पर रोष व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सरकार का पुतला दहन किया। इसके बाद कांग्रेसियों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार विधान सभा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के काम प्रभावित हो रहे हैं, इससे व्यापारी वर्ग और औद्योगिक उत्पादन पर भी असर पड़ रहा है। साथ ही बिजली कटौती की वजह से सबसे अधिक परेशानी छात्रों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। कहा कि अभी सीबीएसई और आईसीएसई के साथ ही महाविद्यालय के छात्रों की परीक्षाएं होनी बाकी हैं, इसलिए बिजली कटौती की समस्या का समाधान जल्द किया जाना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष धीरेद्र सिंह बिष्ट, कांग्रेस जिला सचिव बृजपाल सिंह, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विजय रावत, सुदर्शन रावत, मनमोहन नेगी, सतीश चंद्र शाह, सरिता देवी, विक्रम नेगी, अनामिका रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *