ग्रामीणों ने मार्ग मरम्मत की उठाई मांग, मिला आश्वासन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सतपुली-मैंदोली-जयहरीखाल मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज से मार्ग के सुधारीकरण और मरम्मत की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सतपुली-गुमखाल के बीच पौड़ी हाईवे के बाधित होने की स्थिति में यह मार्ग वैकल्पिक रास्ते के रूप में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है, लेकिन रख-रखाव के अभाव में इसकी हालत भी खराब हो गई है।


ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि पौड़ी हाईवे से सतपुली होते हुए जयहरीखाल की दूरी करीब 25 किमी. है, जबकि सतपुली से मैंदोली होते हुए जयहरीखाल की दूरी महज 16 किमी. है। इसके बावजूद लोनिवि लैंसडौन के अधीन इस मार्ग पर कई जगह मलबा और बोल्डर पड़े हैं। बरसात में स्थिति और खराब हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार मार्ग खराब होने से क्षेत्रवासियों को जयहरीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार जाने के लिए पौड़ी हाईवे से लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने मार्ग का डामरीकरण और सुधारीकरण कराने की मांग की है। इससे गुमखाल-सतपुली मार्ग बाधित होने पर बड़ी आबादी को वैकल्पिक यातायात सुविधा मिल सकेगी। ज्ञापन पर पूर्व ग्राम प्रधान गढ़कोट नरेंद्र रावत, पूर्व प्रधान मदन पंवार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य किरन रौतेला, मनीष रौतेला, जगदीश रौतेला और महावीर सिंह रावत आदि के हस्ताक्षर हैं। उधर, लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को दो सप्ताह के भीतर मार्ग की मरम्मत का आंगणन तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *