देश-विदेश

गुजरात ने बनाया सामूहिक सूर्य नमस्कार का विश्व रिकॉर्ड, 108 जगहों पर 50 हजार लोग हुए शामिल

Spread the love

 

गांधीनगर, एजेंसी। गुजरात में एक साथ 108 जगहों पर कुल 50 हजार से अधिक लोगों ने नव वर्ष के पहले दिन सोमवार को सामूहिक सूर्य नमस्कार कर गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड में भारत का वर्ष 2024 का पहला रिकॉर्ड दर्ज कराने की गौरवशाली उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और खेल राज्य मंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में गुजरात राज्य योग बोर्ड की ओर से आज मेहसाणा जिले के मोढेरा गांव में स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर के परिसर में सामूहिक सूर्य नमस्कार का राज्य स्तरीय कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। खेल, युवक सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियां विभाग की ओर से सूर्य नमस्कार अभियान के अंतर्गत एक महीने तक ग्राम, तहसील, जिला, नगर और महानगर स्तर पर राज्यव्यापी सूर्य नमस्कार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मोढेरा में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पटेल ने इन प्रतियोगिताओं के विजेता योग साधकों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने विशाल संख्या में उपस्थित योग साधकों और सूर्य नमस्कार करने वाले लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में दुनिया भर में भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी ने योग की प्राचीन परम्परा को दुनिया के समक्ष उजागर कर 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कराई और योग साधना के माध्यम से दुनिया को जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि योग, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार जैसी प्राचीन स्वास्थ्यवर्धक व्यायाम एवं कसरत परम्परा व्यक्ति को आध्यात्मिकता के साथ भी जोड़ने वाली अनूठी संस्कृति है।
श्री पटेल ने आगे कहा कि दीर्घदृष्टा प्रधानमंत्री ने स्वदेशी के साथ-साथ पूरी पृथ्वी के हित का विचार किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सूर्य मंदिर में सूर्य की उपासना और आराधना करने का अनोखा अवसर प्राप्त हुआ है, जो नव वर्ष में नई ऊर्जा और उष्मा के साथ प्रत्येक के जीवन में आनंद और उत्साह का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि आज नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा हुई है। बीमारी के इलाज के बजाय बीमारी हो ही नहीं, ऐसी स्वास्थ्यप्रद जीवन शैली के लिए लोगों ने योग और सूर्य नमस्कार जैसी क्रियाओं को नियमित रूप से अपनाया है। मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारतएट2047’ के प्रधानमंत्री श्री मोदी के स्वप्न को साकार करने के लिए सभी लोगों से योग, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार को और अधिक व्यापक बनाकर अमृत काल में अमृतमय भविष्य के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।
राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि देश के इतिहास में सामूहिक सूर्य नमस्कार की प्रथम घटना मोढेरा सहित राज्य के 108 स्थानों पर दर्ज हुई है। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक सूर्य नमस्कार देश और दुनिया को एक नया दिशा-दर्शन देगा। पूरे राज्य में पिछले एक महीने के दौरान 15 लाख से अधिक नागरिक सूर्य नमस्कार अभियान से जुड़े हैं, जिन प्रतियोगिताओं के माध्यम से आज राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में हम सभी इस ऐतिहासिक घटना के साक्षी बने हैं। श्री हर्ष संघवी ने कहा कि वर्ष 2024 के पहले दिन राज्य के विभिन्न 51 स्थलों पर विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। 2024 के पहले दिन सामूहिक सूर्य नमस्कार की गुजरात की इस उपलब्धि ने पूरे देश में सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उन्होंने कहा कि योग भारत की संस्कृति की पहचान है। आज गुजरात योग में रोल मॉडल बन गया है। उन्होंने नए वर्ष में नए संकल्प के साथ सूर्य नमस्कार को अपनाने का अनुरोध किया। उन्होंने टेक्नोलॉजी की व्यस्तता के बीच योग को अपनाकर जीवन को सकारात्मक बनाने की विशेष अपील भी की।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तीन पुरुष और तीन महिला विजेताओं का सम्मान किया गया। पुरुष विजेताओं में पहले स्थान पर रहे साबरकांठा के कल्पेशभाई सवजीभाई, दूसरे स्थान पर रहे गिर सोमनाथ के अनिल कुमार बांभणिया और तीसरे स्थान पर रहे छोटाउदेपुर के राठवा करशनभाई को सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की महिला विजेताओं में पहले स्थान पर रहीं बनासकांठा की पटेल याना विनोद कुमार, दूसरे स्थान पर रहीं राजकोट की वखारिया दृष्टि चेतन कुमार और तीसरे स्थान पर रहीं मेहसाणा की पटेल पूजा घनश्यामभाई को सम्मानित किया गया। राज्य स्तर के विजेताओं को क्रमश: 2.50 लाख रुपए, 1.75 लाख और एक लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में खेल, युवा सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियां विभाग के प्रधान सचिव अश्विनी कुमार, युवा सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयुक्त आलोक कुमार पांडे, योग बोर्ड के चेयरमैन शीशपाल राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष तृषाबेन पटेल, विधायक सुखाजी ठाकोर, अग्रणी गिरीशभाई राजगोर, जिला कलेक्टर एम. नागराजन, जिला विकास अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश सहित जिले के अधिकारी, पदाधिकारी और योग साधक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!