शिवपुर में लगातार बढ़ रही गुलदार की धमक, दहशत में जन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शिवपुर क्षेत्र में गुलदार की धमक थमने का नाम नहीं ले रही। रविवार रात गुलदार ने घर के बाहर एक कमरे में बैठे पालतू कुत्ते को अपना निवाला बना दिया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गुलदार की धमक से वार्डवासियों में दहशत बनी हुई है। शाम ढलते ही वार्डवासियों का घरों से बाहर निकालना भी मुश्किल हो गया है।
शिवपुर क्षेत्र का अधिकांश भाग जंगल से सटा हुआ है। ऐसे में आए दिन आबादी में जंगली जानवर पहुंच जाते हैं। पिछले कई माह से क्षेत्र में गुलदार की धमक बनी हुई है। रविवार रात गुलदार घर के बाहर एक कमरे में बैठे कुत्ते को मुंह में दबाकर भाग गया। घर में मौजूद सदस्यों को जब पता चला तो उन्होंने घर के बाहर निकलकर काफी शोर मचाया। लेकिन, गुलदार ने कुत्ते को छोड़ा नहीं। वार्डवासियों का कहना है कि आए दिन गुलदार पालतू जानवरों को अपना निवाला बना रहा है। ऐसे में घरों में रहने वाले बच्चों व बुजुर्गों को भी खतरा बना हुआ है। वार्डवासियों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलवाने की मांग की है। कहा कि यदि समय पर गुलदार को कैद नहीं किया गया तो कोई भी बड़ी घटना हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *