ज्ञानसू के 17 परिवार एक सप्ताह से अंधेरे में

Spread the love

उत्तरकाशी। नगर क्षेत्र के अंतर्गत ज्ञानसू वार्ड संख्या 11 में पिछले एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। विद्युत आपूर्ति ठप पड़ने से वार्ड में निवास करने वाले 17 परिवार अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। हैरत की बात है कि यह क्षेत्र जिला मुख्यालय से लगा हुआ है। स्थानीय लोगों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर विद्युत आपूर्ति बहाल न होने पर शनिवार से कलक्ट्रेट परिसर में धरना देने की चेतावनी दी है। डीएम को सौंपे पत्र में स्थानीय लोगों ने कहा कि गत 5 जनवरी को ओवरलोडिंग के चलते केबिल जलने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, विभाग की ओर से नई केबिल बिछाई जा रही थी, लेकिन लाइन के हेड पर किसी का खेत होने के कारण भू स्वामी केबिल बिछाने नहीं दे रहा। ऐसे में विभाग ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। जबकि विगत छह वर्ष से वार्ड में इसी लाइन से आपूर्ति बहाल हो रही थी। ऐसे में ग्रामीणों ने विभाग और प्रशासन से शीघ्र इसका समाधान निकालते हुए अंधेरे में डूबे घरों में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग रखी है। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। पत्र सौंपने वालों में महावीर सिंह रावत, जयवीर सिंह, मुरारी लाल बिजल्वाण, राकेश, रोशन राणा आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *