हाथी ने रौंदी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की फसल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोटद्वार भाबर में हाथियों का आंतक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सनेह से लेकर सिगड्डी के लोग हाथियों के आतंक से परेशान है। जगंल से सटे वार्ड नंबर 30 मवाकोट नन्दपुर में एक आवासीय कॉलोनी में घुसकर हाथियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सहित अन्य काश्तकारों की धान, मक्का, अदरक की खड़ी फसल रौंद दी। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
स्थानीय निवासी सतेन्द्र सिंह रावत, महताब सिंह रावत, श्रीमती मालती देवी, श्रीमती माया देवी, जयपाल सिंह रावत, हर्षवर्धन बडोला, पुष्कर सिंह रावत ने बताया कि बीती बुधवार रात करीब एक बजे के आसपास हाथियों के एक झुंड ने आवासीय कॉलोनी में घुसकर पुष्कर सिंह व रणजीत सिंह की दीवार तोड़कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मुरली सिंह रावत की खड़ी धान की फसल, बबीता देवी की मक्का, हल्दी व अदरक की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। जिसके बाद लोगों ने हल्ला मचाकर व कनस्तर बजाकर किसी प्रकार हाथियों को जंगल की ओर भगाया। वन प्रभाग की लाख कोशिशों के बाद भी हाथी जंगल में नहीं रुक पा रहे हैं। हाथियों का झुंड आए दिन भाबर व सनेह के आबादी वाले क्षेत्रों में आ धमक रहे है। इसके कारण हाथी-मानव संघर्ष का अंदेशा बना हुआ है। शाम ढलते ही हाथी आबादी क्षेत्र में घुस कर नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में लोग खौफ के साए में घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *