देश-विदेश

बंदर की इस हरकत से परेशान हो गया आधा हापुड़ शहर, चार घंटे बाद मिली राहत

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

हापुड़, एजेंसी। बंदर अक्सर उछल-कूद करते रहते हैं। इनकी हरकतों से कभी-कभी लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसा ही कुछ उत्तर प्रदेश के हापुड़ शहर के लोगों के साथ हुआ। बुधवार की सुबह आधा हापुड़ शहर बंदर की एक हरकत से परेशान हो गया। हालांकि उन्हें चार घंटे बाद राहत मिल गई। दिल्ली रोड से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर बुधवार सुबह एक बंदर कूद गया। इससे फाल्ट हुआ और दिल्ली रोड प्रथम व द्वितीय बिजली घर बंद हो गए। लगभग चार घंटे तक आधे शहर की बिजली गुल रही। इसके चलते उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोनों बिजलीघर से लगभग 25 हजार भवनों को आपूर्ति दी जाती है। इसमें व्यावसायिक और आवासीय के अलावा औद्योगिक भवन भी शामिल हैं। औद्योगिक भवनों में सुबह से ही कार्य प्रारंभ हो जाता है। बुधवार की सुबह करीब सात बजे अचानक एक बंदर दिल्ली रोड बिजली घर के बाहर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर कूद गया। बंदर तो बचकर निकल गया, लेकिन फाल्ट से आपूर्ति गुल हो गई। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मिलकर लगभग चार घंटे बाद फाल्ट को ठीक किया, जिसके बाद आपूर्ति सुचारू हो सकी। बिजली घर से जुड़े मोहल्ला जवाहरगंज, आर्य नगर, ज्ञानलोक, कलेक्टर गंज, श्रीनगर, पटेल नगर, रामगंज, रघुवीर गंज, गंगापुरा, अर्जुन नगर, हर्ष विहार, राजीव विहार, कोठी गेट, बुलंदशहर रोड, मजीदपुरा, सैनी नगर, रफीक नगर सहित कई मोहल्लों में आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी हुई। इस संबंध में अधिशासी अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि हाईटेंशन लाइन पर बंदर कूद गया था, जिसके कारण फाल्ट होने से आपूर्ति बंद हुई थी। फाल्ट को दुरुस्त कराकर आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!