जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा में आयोजित रामलीला के मंचन में हनुमान ने रावण की सोने की लंका जलाई। कलाकारों ने शानदार अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

रामलीला मंचन का शुभारंभ दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व संगठन मंत्री एवं उद्यमी विश्व मोहन बडोला और जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां नवदुर्गा की आकर्षक झांकी के साथ हुई। इसके बाद नरेंद्र शहनाई ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। रामलीला के दौरान अशोक वाटिका में रावण और माता सीता के बीच संवाद का मंचन किया गया। इसके बाद हनुमान के लंका पहुंचकर माता सीता से मुलाकात करने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। हनुमान ने अशोक वाटिका को तहस-नहस कर दिया, जिसके बाद मेघनाद ने उन्हें बंदी बनाकर रावण के दरबार में पेश किया। रावण के आदेश पर राक्षसों ने हनुमान की पूंछ में आग लगा दी। इसके बाद हनुमान ने लंका के विभिन्न हिस्सों में आग लगाकर सोने की लंका को जला दिया। लंका दहन के दृश्य ने दर्शकों में विशेष उत्साह पैदा किया। इस मौके पर प्रदीप बडोला, तरुण जोशी, बबली बिष्ट, नितेश ठाकुर, वीरेंद्र शाह और राहुल जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहें।