हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार में हरकी पैड़ी मुख्य मार्ग पर गुरुवार को अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। सड़क के बीचों-बीच करीब चार फीट गहरा गड्ढा बन गया। सड़क धंसने के दौरान एक स्कूल बस भी इसकी चपेट में आ गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद हरकी पैड़ी जैसे अति महत्वपूर्ण और यात्री बाहुल्य मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
कुछ दिन पहले ही हुई थी मरम्मत
स्थानीय लोगों और व्यापारियों के मुताबिक, जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां कुछ दिन पहले ही सड़क की मरम्मत कर गड्ढा भरा गया था। इसके बावजूद दोबारा सड़क धंसने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मरम्मत में बरती गई सावधानियों पर सवाल उठने लगे हैं।
हरकी पैड़ी मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे व्यस्त मार्ग पर अचानक सड़क धंसने की घटना से लोगों में चिंता बढ़ गई है।
व्यापारियों में नाराजगी
बार-बार सड़क खराब होने और मरम्मत के बाद दोबारा धंसने की घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में यदि गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क धंसने के कारणों की जांच कराने, क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत करने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग की है। साथ ही व्यस्त मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग भी उठाई गई है।