हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की बहादराबाद पुलिस ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी दुल्हन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह गिरोह भोले-भाले युवकों को शादी के जाल में फंसाता था। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर देते थे और घर में रखे नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान रुकमीना, अब्दुल बारी, पुनीत कुमार, उसकी पत्नी और फतेह सिंह मीना के रूप में की है। उनके पास से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो कार को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है और इस गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।