आतंकियों संग मुठभेड़ में शहीद हुए थे सपूत, जौलीग्रांट पहुंचे दोनों के पार्थिव शरीर, सैनिक कल्याण मंत्री ने दी श्रद्घांजलि

Spread the love

नरेंद्रनगर (टिहरी)। जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में आतंकियों की तलाश में चलाए गए सर्च अपरेशन के दौरान यह मुठभेड़ हुई। जिसमें राइफलमैन विक्रम सिंह और राइफलमैन योगंबर सिंह घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उत्तराखंड के दोनों लाल शहीद हो गए।
जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में उत्तराखंड के दो जवान शहीद हो गए थे। इनमें टिहरी निवासी राइफलमैन विक्रम सिंह और चमोली के सांकरी गांव निवासी राइफलमैन योगंबर सिंह शामिल हैं।
यह मुठभेड़ पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में आतंकियों की तलाश में चलाए गए सर्च अपरेशन के दौरान हुई। शुक्रवार सुबह बेटों की शहादत की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। शनिवार दोपहर बाद दोनों शहीदों के पार्थिव शरीर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचे। जहां सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने श्रद्घांजलि अर्पित की। जौलीग्रांट से शहीदों का पार्थिव शरीर उनके पैत्तृक गांव के लिए भेजा गया।
इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में उत्तराखंड के दो जवान शहीद हो गए थे। अमर शहीदों ने देश सेवा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसको कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की धरती है। राज्य के वीर सपूत अपनी जान देकर भारत माता की रक्षा के अपने प्रण को निभाते हैं।
हमारी सरकार वीर सपूतों की अमर शहादत को नमन करती है। शहीदों के परिवार हमारी जिम्मेदारी हैं। हालांकि परिवार की इस क्षति को पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन राज्य सरकार शहीदों के परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी सहित हर संभव सहायता के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *