कोविड टीकाकरण में लगी स्वास्थ्य टीम को झेलनी पड़ रही है परेशानियां

Spread the love

-विकासखंड कोट के मुछियाली में टीकाकरण के दौरान लोगों ने उडाई सामाजिक दूरी की धज्जियां
-ग्रामीणों पर नहीं हुआ स्वास्थ्य विभाग की टीम की अपील का कोई भी असर
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
जिले में कोविड टीकाकरण की स्वास्थ्य टीम को कई परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। टीकाकरण केंद्रों में टीका लगाने पहुंच रहे लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम की अपील का कोई असर नहीं हो रहा है।
विकास खंड कोट के ग्राम पंचायत मुछियाली में शनिवार को कोविड टीकाकरण के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम को भारी परेशानियों से जूझना पड़ा। टीकाकरण केंद्र में मुछियाली, ढुंगी, बालमणा, बौसाली, उतरासू सहित क्षेत्र के अन्य गांवों के ग्रामीण टीका लगवाने पहुंचे। लेकिन ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को टीकाकरण में कोविड कफ्र्यू मानको के पालन मे जरा भी सहयोग नहीं दिया। ग्रामीण बिना मास्क लगाए, सही रुप में मास्क न लगाए और सामाजिक दूरी की धज्जियां उडाते नजर आए। स्वास्थ्य विभाग की टीम के एक सदस्य ने घटना का वीडियो भी बनाया। जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें स्वास्थ्य टीम की सदस्य लोगों से सामाजिक दूरी का पालन किए जाने की लगातार अपील कर रही है। इस दौरान डा. अनीषा राणा, एएनएम पूजा नेगी सहित पांच सदस्यीय टीम टीकाकरण कर रही थी। केंद्र में सहयोग के लिए तैनात दो शिक्षक इस दौरान नदारद भी रहे। टीम ने 100 ऑनलाइन पंजीकृत और 120 ऑन स्पॉट पंजीकरण कर कुल 220 ग्रामीणों को टीका लगाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम का कहना है कि कोविड टीकाकरण में स्वास्थ्य टीम को आएदिन इस तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *