काशीपुर। केलाखेड़ा में नेशनल हाईवे 74 पर रविवार को तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और बच्चों समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सरकारी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बार सभी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। गांव बाजावाला केलाखेड़ा निवासी ई-रिक्शा चालक 18 वर्षीय लवजीत सिंह पुत्र मलकीत सिंह, 50 वर्षीय बलजीत कौर पत्नी बगीचा सिंह, 26 वर्षीय परमजीत कौर पुत्री गुरमीत सिंह, सीमा कौर पत्नी तरन सिंह, 12 वर्षीय कोमल कौर पुत्री तरन सिंह और 11 वर्षीय मनिंदर सिंह पुत्र तरन सिंह रविवार को ई-रिक्शा से गांव फसियापुर स्थित गुरुद्वारा साहिब जा रहे थे। बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे पर मसीत के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में लवजीत सिंह, बलजीत कौर, परमजीत कौर, सीमा कौर, कोमल कौर और मनिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सीमा कौर का 6 वर्षीय बेटा ज्योत सिंह बाल-बाल बच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए एंबुलेंस बुलाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस कर्मी सुरेंद्र सिंह के अनुसार, घायलों को अस्पताल ले जाते समय बाजपुर में ट्रैफिक जाम के कारण एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल पाया और करीब 5 मिनट तक एंबुलेंस रुकी रही, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी। गदरपुर कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि एक कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत में छह लोग घायल हो गए। दोनों को वाहनों को कब्जे में लिया। शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।